गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नैनीताल। जनपद में लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार, 28 मार्च 2026 को सभी राजस्व न्यायालयों में राजस्व लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत आम जनता को सरल और शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, अपर जिलाधिकारी न्यायालय, उपजिलाधिकारी न्यायालय और तहसीलदार न्यायालय में लंबित मामलों का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर वादों के समाधान में सहयोग करें। साथ ही वादकारियों से भी अपने मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित न्यायालयों में उपस्थित होने का आह्वान किया गया है।