लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त टीम ने मंगलवार सुबह कर्नाटक के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कई सरकारी अधिकारियों के घरों, कार्यालयों और अन्य ठिकानों की तलाशी ली गई।
लोकायुक्त अधिकारियों ने चित्रदुर्ग जिले में निर्माण केंद्र से जुड़े सहायक लेखाकार सुशीलम्मा के आवास और फार्महाउस पर छापा मारा। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी वासुदेव राम और डीवाईएसपी मृत्युंजय ने किया, जहां वित्तीय दस्तावेजों की जांच की गई।
वहीं बल्लारी में मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक शिवन्ना के घर और कार्यालय समेत चार स्थानों पर छापेमारी की गई। उनके सिद्धार्थ नगर स्थित आवास पर बैंक दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए।
इसी तरह शिवमोग्गा जिले में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की जिला अधिकारी शोभा के आवास और कार्यालय पर भी लोकायुक्त टीम ने जांच की। शिकारीपुर और आनंदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।
बेलगावी जिले में शहरी विकास प्रकोष्ठ के सहायक अभियंता अजय सिंह राजपूत के अंजनेय नगर, अथानी और हुक्केरी स्थित ठिकानों पर छापे डाले गए।
इसके अलावा मांड्या जिले में लोक निर्माण विभाग के अभियंता रेवन्ना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की गई। उनके आवास और मैसूर स्थित कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
फिलहाल लोकायुक्त टीम सभी दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच कर रही है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।