लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IIIT Delhi) के तीन छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता ICPC वर्ल्ड फाइनल्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘वीक टेस्टकेस’ नाम की टीम अब नवंबर 2026 में दुबई में होने वाले विश्व फाइनल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस टीम में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र अभिषेक, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के छात्र जतिन अग्रवाल और पीयूष केशन शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ IIIT दिल्ली चौथी बार ICPC वर्ल्ड फाइनल्स में अपनी जगह बनाने जा रहा है।
ICPC यानी इंटरनेशनल कॉलेजिएट प्रोग्रामिंग कॉन्टेस्ट को दुनिया में ‘कोडिंग ओलंपिक’ के नाम से जाना जाता है। इस प्रतियोगिता में 111 देशों के करीब 3000 कॉलेजों की टीमें हिस्सा लेती हैं।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को सीमित समय में जटिल एल्गोरिदमिक समस्याओं का समाधान करना होता है। इसमें छात्रों की तार्किक क्षमता, प्रोग्रामिंग स्किल और टीमवर्क की परीक्षा होती है।
IIIT दिल्ली की टीम ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतर प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड फाइनल्स में जगह बनाई है। संस्थान ने छात्रों की इस सफलता को तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
अब यह टीम दुबई में होने वाले फाइनल मुकाबले में दुनिया की शीर्ष टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी और भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।