लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने ‘आयुष्मान सारथी’ नाम से व्हाट्सऐप आधारित AI चैटबॉट लॉन्च किया है, जिससे लाभार्थी घर बैठे योजना से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस चैटबॉट के जरिए लोग आयुष्मान कार्ड की पात्रता जांच, नया कार्ड बनवाने, कार्ड डाउनलोड करने, eKYC अपडेट, आधार लिंक और इलाज से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
सरकार के अनुसार, यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और लोगों को सरकारी दफ्तरों या कॉल सेंटर जाने की जरूरत कम होगी। इसके जरिए नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी, शिकायत दर्ज कराने और उसकी स्थिति जानने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
लाभार्थी व्हाट्सऐप नंबर +91 72908 23838 पर “Hi” भेजकर इस सेवा का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं। यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए मददगार मानी जा रही है, जिन्हें स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आसानी से नहीं मिल पाती।