लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय छात्र की जान चली गई, जब एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक एक स्कूल बस पर गिर पड़ा। हादसे के समय यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस में 13 छात्र सवार थे, जो स्कूल से अपने घर लौट रहे थे।
पेड़ गिरने से बस का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों, बस चालक और परिचालक ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद दमकल विभाग और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार अन्य घायल छात्रों का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना के बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। उन्होंने इस हादसे की विस्तृत जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या संबंधित विभाग की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या सड़क के सीमेंट कंक्रीटीकरण या अन्य निर्माण कार्यों से पेड़ की जड़ें कमजोर हुई थीं और क्या स्थानीय लोगों की ओर से पहले कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी विशेषज्ञ समिति गठित कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि हाल में हुए ड्रेनेज और कंक्रीटीकरण कार्यों से पेड़ की जड़ों को नुकसान पहुंचा हो सकता है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।