लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से गुजरने वाले अंबाला-कालाअंब-पांवटा साहिब-देहरादून नेशनल हाईवे-07 पर सफर अब और सुगम होगा। नाहन के खजूरना में मारकंडा नदी पर बने 180 मीटर लंबे बो-स्ट्रिंग ब्रिज का लोकार्पण कर दिया गया है।
इस ब्रिज का निर्माण करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को इसका उद्घाटन करना था, लेकिन तकनीकी कारणों से वह वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से नहीं जुड़ पाए। इसके बाद शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने पुल का लोकार्पण किया।
मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे के अधिकारियों के अनुसार, नया बो-स्ट्रिंग ब्रिज स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी बड़ी सुविधा साबित होगा। अब वाहनों को पुराने और जर्जर पुल से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर देहरादून से पांवटा साहिब तक उत्तराखंड क्षेत्र में फोरलेन निर्माण का काम पूरा हो चुका है। वहीं कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से हरियाणा सीमा तक भी फोरलेन परियोजना पूरी हो गई है।
हालांकि पांवटा साहिब से कालाअंब तक हिमाचल प्रदेश के हिस्से में फोरलेन निर्माण का कार्य अभी जारी है। नए पुल के शुरू होने से हाईवे पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और यात्रा समय कम होने की उम्मीद है।