लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव शहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 131 फीट ऊंचा मोबाइल टावर रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। यह टावर लंबे समय से बंद पड़ा था और इसकी सेवा वर्ष 2017 के आसपास से ठप थी, जब एयरसेल कंपनी का नेटवर्क यहां से संचालित होता था।
टावर का स्वामित्व जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के पास था, जो विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों को अपने टावर किराए पर देती है। कंपनी के अनुसार, करीब नौ साल बाद जब उनकी टीम साइट पर टावर को दोबारा चालू करने पहुंची, तो वहां पूरा ढांचा और उपकरण गायब थे।
मौके पर 15 केवीए का डीजल जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी नहीं मिले। इस घटना के बाद कंपनी ने डुमरांव थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतनी बड़ी संरचना आखिर कैसे बिना किसी बड़े उपकरण या भारी मशीनरी के गायब हो सकती है।