लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासन ने पहले ही 300 से अधिक परिवारों को घर खाली करने का नोटिस जारी किया था। यह इलाका यमुना की ओ-ज़ोन (O-Zone) बेल्ट में आता है, जहां निर्माण और आवासीय गतिविधियों पर प्रतिबंध है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और अन्य एजेंसियों द्वारा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यमुना के बाढ़ क्षेत्र में बने ये निर्माण हर साल बाढ़ के खतरे का सामना करते हैं और लोगों की सुरक्षा के लिए इन्हें हटाना आवश्यक है।
इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने भी राहत देने से इनकार करते हुए बेदखली नोटिसों पर रोक नहीं लगाई थी। इसके बाद प्रशासन ने क्षेत्र को खाली कराने की प्रक्रिया तेज कर दी।
यमुना बाजार के कई निवासियों ने कार्रवाई पर चिंता जताई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह कदम बाढ़ जोखिम कम करने और यमुना तट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए उठाया जा रहा है।