लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भोपाल में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को व्यापक स्तर पर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह अभियान प्रदेशभर में चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव और शहर-शहर में जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री सिलावट ने अधिकारियों से कहा कि आमजन और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान को सफल बनाया जाए। उन्होंने आगामी कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत जल स्रोतों की मरम्मत, तालाबों के पुनर्निर्माण, नहरों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, स्टॉप डैम और बैराज की मरम्मत जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही जल संरचनाओं के आसपास वृक्षारोपण और कैचमेंट एरिया में सुधार के कार्य भी शामिल हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि प्रदेश में जल संरक्षण को मजबूती मिल सके।