अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 10 मार्च।
पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर मंगलवार को संसद में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सदन में चर्चा कराने की मांग की, जिसके चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया के हालात पर सदन में बहस कराने की मांग उठाई। विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से इस मुद्दे पर बयान देने और विस्तृत चर्चा कराने की मांग की।
इसी बीच लोकसभा में आज अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव भी पेश किया जाना है। प्रस्ताव में उन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की गई है।
लोकसभा की कार्यसूची के अनुसार बिहार के किशनगंज से सांसद मोहम्मद जावेद इस प्रस्ताव को सदन में पेश करेंगे। प्रस्ताव को आवश्यक 50 सांसदों का समर्थन मिलने के बाद स्वीकार किया गया है और इस पर आज चर्चा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी दलों ने लोकसभा में हंगामा किया था। दो बार स्थगन के बाद उस दिन सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी थी। उस दौरान कांग्रेस सहित कई विपक्षी सदस्य आसन के समीप पहुंचकर नारेबाजी कर रहे थे और राहुल गांधी को बोलने की अनुमति देने की मांग कर रहे थे।