अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
गिरिडीह जिले के जमुआ–देवरी क्षेत्र की मध्य सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम तालाब में बुधवार को डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों किशोर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार के रहने वाले थे। खोरी महुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार चतरो गांव निवासी संजय साव का पुत्र करण कुमार और पुरनीगड़िया गांव के कृष्णा विश्वकर्मा का पुत्र दीपक कुमार होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ स्नान करने के लिए त्रिवेणी संगम गए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग नदी में उतरकर उनकी तलाश में जुट गए। खंडोली से गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची और करीब ढाई से तीन घंटे की खोजबीन के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद जब दोनों किशोरों के शव घर लाए गए तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया।