लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चैतुचक मार्केट के पास स्थित एक लोकप्रिय पब में देर रात भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हाल के वर्षों में थाईलैंड की सबसे भयावह अग्निकांड घटनाओं में से एक मानी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग आधी रात के आसपास शुरू हुई और कुछ ही मिनटों में पूरे पब में फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन धुएं और तेज लपटों के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए। कई शव पब के शौचालयों के पास मिले, जिससे आशंका है कि लोग वहां छिपकर अपनी जान बचाने का प्रयास कर रहे थे।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग की शुरुआत छत में लगे एयर कंडीशनर के पास हुए इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट से हुई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पब के कुछ आपातकालीन निकास रास्ते बीयर की पेटियों और फर्नीचर से आंशिक रूप से अवरुद्ध थे, जिससे लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की आधिकारिक जांच जारी है।
दमकल विभाग ने कई गाड़ियों और बचाव दलों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पब का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर थाईलैंड में सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकास के मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।