लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
आंध्र प्रदेश के बापटला जिले की 94 वर्षीय कोंड्रागुंटा महालक्ष्मम्मा इन दिनों अपनी भावुक इच्छा को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अमेरिकी नागरिकता छोड़कर दोबारा भारतीय नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। उनका कहना है कि उनकी अंतिम इच्छा अपने देश भारत में रहकर आखिरी सांस लेने की है।
जानकारी के अनुसार, पति के निधन के बाद महालक्ष्मम्मा अपने बेटे के साथ अमेरिका चली गई थीं और वर्ष 2000 में अमेरिकी नागरिक बन गई थीं। लगभग 18 वर्ष अमेरिका में रहने के बाद वह 2018 में भारत लौट आईं और तब से आंध्र प्रदेश में रह रही हैं।
हाल ही में वह अपने बेटे के साथ बापटला के जिला कलेक्टर से मिलीं और भारतीय नागरिकता की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का अनुरोध किया। उनका भावुक संदेश सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि वह भारतीय नागरिक के रूप में अपने अंतिम दिन बिताना और अपने पैतृक गांव में अंतिम संस्कार चाहती हैं।