लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
अभिनेता जहीर इकबाल ने अपनी पत्नी सोनाक्षी सिन्हा के माता-पिता शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा को उनकी 45वीं शादी की सालगिरह पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी। जहीर ने सोशल मीडिया पर दोनों की शादी के समय की एक दुर्लभ और अनदेखी तस्वीर साझा कर परिवार के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया।
जहीर ने पोस्ट के साथ लिखा, "Happy Anniversary Sasurjeee and SaasuMaaaa." इस छोटे लेकिन स्नेहभरे संदेश ने फैंस का दिल जीत लिया। पोस्ट में साझा की गई तस्वीर में युवा शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा शादी के जोड़े में मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा की शादी को 45 वर्ष पूरे हो चुके हैं। दोनों की जोड़ी बॉलीवुड की चर्चित और लंबे समय तक साथ निभाने वाली जोड़ियों में गिनी जाती है। उनकी यह पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर फैंस के बीच तेजी से वायरल हो रही है और लोग उन्हें शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि जहीर इकबाल और सोनाक्षी सिन्हा ने जून 2024 में विवाह किया था। शादी के बाद से जहीर अक्सर सिन्हा परिवार के साथ अपनी खास बॉन्डिंग की झलक सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं। इस बार भी उनकी भावुक पोस्ट ने परिवार के मजबूत रिश्ते को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया।