अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को प्रश्नकाल में सोनीपत के सुभाष स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने का मुद्दा उठाया गया। विधायक निखिल मदान ने सदन में स्टेडियम के नवीनीकरण और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक ने कहा कि शहर के बीच स्थित इस स्टेडियम में कुश्ती, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए आधुनिक इनडोर स्टेडियम की आवश्यकता है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए व्यायामशाला, ड्रेसिंग रूम और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्टेडियम का स्तर सड़क से काफी नीचे होने के कारण बरसात में जलभराव की समस्या हो जाती है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी होती है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जवाब देते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 66 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम में मिट्टी भरकर उसका स्तर सड़क के बराबर किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या खत्म हो सके। इस काम की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
इसके अलावा सरकार ने लगभग 13.84 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम में बहुउद्देश्यीय हॉल और 200 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है। इस हॉल में इनडोर कबड्डी, वॉलीबॉल और तीन बैडमिंटन कोर्ट तैयार किए जाएंगे। महिला, पुरुष और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग ड्रेसिंग रूम और शौचालय भी बनाए जाएंगे।
मंत्री ने यह भी बताया कि राई स्थित खेल विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राज्य सरकार ने 491.20 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें भवन निर्माण और खेल अवसंरचना दोनों को विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।