लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
पंजाब के लुधियाना में स्थित एक वाल्मिकी मंदिर पर कथित तौर पर करीब 25 हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर तलवार, पिस्तौल और अन्य हथियारों के साथ मंदिर परिसर में घुसे, जमकर पथराव किया और तोड़फोड़ की। घटना में एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत इलाके में कथित नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने से हुई थी। आरोप है कि वाल्मिकी समाज और मोहल्ला सुधार समिति के लोगों ने कुछ व्यक्तियों को यह धंधा बंद करने के लिए कहा था। इसी रंजिश में मंदिर और आसपास के क्षेत्र पर हमला किया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वाल्मिकी समाज के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत के आधार पर 6 नामजद और 20 से 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।