गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों ने एक बड़ा नेटवर्क उजागर किया है, जिसने पूरे देश में परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा जानकारी के अनुसार राजस्थान के जमवारामगढ़ के दो भाइयों ने कथित तौर पर गुरुग्राम के एक डॉक्टर से 30 लाख रुपये में परीक्षा का पेपर खरीदा था।
जांच में सामने आया है कि यह पेपर परीक्षा से लगभग एक सप्ताह पहले हासिल किया गया और इसके बाद इसे आगे एक संगठित रैकेट के जरिए फैलाया गया। बताया जा रहा है कि पहले इसे परिवार के भीतर साझा किया गया, फिर धीरे-धीरे कोचिंग नेटवर्क और अन्य एजेंटों तक पहुंचाया गया, जिसके बाद यह कई राज्यों के छात्रों तक पहुंच गया।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह कोई सामान्य लीक नहीं बल्कि एक सुनियोजित नेटवर्क था, जिसमें मध्यस्थ, एजेंट और कुछ शैक्षणिक लिंक शामिल हो सकते हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंप दी गई है और कई राज्यों में छानबीन जारी है।