लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रायपुर, 23 मार्च। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री Vishnudev Sai के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘लखपति दीदी’ अभियान को जशपुर जिले में नई रफ्तार मिली है। जिले में 18 हजार से अधिक महिलाएं इस अभियान के तहत आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
जशपुर की महिलाएं खेती, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और लघु उद्यमों के माध्यम से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। जिले में 12 हजार 808 स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1 लाख 37 हजार 912 महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
राज्य सरकार ने वर्ष 2024 से 2027 तक जशपुर जिले में 30 हजार 877 ‘लखपति दीदी’ तैयार करने का लक्ष्य रखा है। अब तक 18 हजार 218 महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए ‘बिहान’ योजना के तहत लगभग 14 करोड़ रुपये मुद्रा लोन, 76 करोड़ रुपये बैंक लिंकेज और 13 करोड़ रुपये सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध कराई गई है।
करीब 8500 संभावित लखपति दीदियों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया है और उनकी आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है। महिलाएं डेयरी, बकरी पालन, पोल्ट्री और फूड प्रोसेसिंग के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं।
इस पहल के अंतर्गत 23 से 25 मार्च 2026 तक कृषि महाविद्यालय, कुनकुरी में ‘कृषि क्रांति एक्सपो 2.0’ का आयोजन किया जा रहा है, जो महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहा है। जशपुर की यह पहल यह दिखाती है कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, गांव और राज्य की प्रगति सुनिश्चित होती है।