लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र के वनेवग गांव में एक घर का ताला तोड़कर कांसे के बर्तन चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार बाली ने ई-मेल के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च की शाम उनके बड़े भाई बिहारी लाल बाली ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह अपनी पत्नी के साथ रात में घर पहुंचे।
घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से कांसे के 12 थाल और 6 गिलास चोरी हो चुके हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25,500 रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।