अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया I
झारखंड के रामगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला, जहां गोला प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को हाथियों के झुंड ने तीन ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार के अनुसार, हाथियों का झुंड सबसे पहले बंदा गांव के एक ईंट भट्ठे पर पहुंचा, जहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में कुजू निवासी धीरज भुईंया और पतरातू के ताराटांड़ गांव निवासी युगल भुईंया की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद हाथियों का झुंड मुरपा गांव की ओर बढ़ा, जहां महुआ चुन रहे 74 वर्षीय श्यामदेव साहू को भी कुचल दिया गया। वहीं, सूतरी धोड़धोड़िया बस्ती में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
वन विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है, जबकि शेष मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। घायलों के इलाज का खर्च भी विभाग द्वारा उठाया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। ईंट भट्ठा संचालक ने भी अतिरिक्त सहायता देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने जंगल के आसपास अकेले न जाने की अपील की है।