लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Prayagraj के लापता इंजीनियर का शव Mirzapur के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिपराडाड़ गांव के पास गंगा नदी में उतराता हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार को पिपराडाड़ गांव के पास गंगा किनारे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फूलपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर लोढ़ी डीह गांव निवासी अशोक तिवारी ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान अपने 34 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश तिवारी के रूप में की।
परिजनों के अनुसार जयप्रकाश तिवारी गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह 26 मार्च को Varanasi में पत्नी को छोड़कर मां Vindhyavasini Devi के दर्शन के लिए मीरजापुर के लिए निकले थे, जिसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। 29 मार्च को वाराणसी के सिगरा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि जयप्रकाश अपने पुत्र हरिओम की गंभीर बीमारी के चलते मानसिक रूप से काफी परेशान थे।
देहात कोतवाल अमित मिश्र के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।