लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जोधपुर के बोरानाडा क्षेत्र से लापता एक 16 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने करीब 500 किलोमीटर दूर हनुमानगढ़ जंक्शन के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग सोशल मीडिया पर एक फर्जी लड़की के संपर्क में आकर उसके झांसे में फंस गया था।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग 27 मार्च की दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने बोरानाडा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ उसकी लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज, डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत और एसीपी आनंद सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में टीम गठित की गई। तकनीकी जांच के आधार पर नाबालिग की लोकेशन राजयासर क्षेत्र में मिली। इसके बाद बस चालकों और परिचालकों से संपर्क किया गया, जिससे पता चला कि वह एक निजी बस में सवार है।
आखिरकार पुलिस ने हनुमानगढ़ जंक्शन के पास बस से नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया और उसे जोधपुर लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि नाबालिग इंस्टाग्राम पर एक फर्जी नंबर से किसी लड़की के संपर्क में था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो युवाओं को बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों या मानव तस्करी में फंसा सकता है।
समय रहते कार्रवाई होने से नाबालिग को संभावित बड़े खतरे से बचा लिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।