लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
गुरुग्राम। जिले में गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज क्षेत्र में छापेमारी कर 20 घरेलू गैस सिलेंडर और एक वाहन जब्त किया, जबकि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने बताया कि जब्त सिलेंडरों में भारत गैस के 18 भरे हुए, एक खाली तथा इंडेन का एक खाली सिलेंडर शामिल है। उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
छापेमारी के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने मारुति कुंज में एक संदिग्ध वाहन (एचआर-55-एजे-9226) को रोका। वाहन में सवार अंकुश यादव, निवासी सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश), से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सिलेंडर और वाहन जब्त कर लिया गया।
इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग, सीआईडी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कई अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेंगे।
डीएफएससी अशोक रावत ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।