लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में तेंगनोपाल जिले से प्रतिबंधित संगठन People's Revolutionary Party of Kangleipak (आरए) के 10 सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान मोरे थाना क्षेत्र में भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा के स्तंभ संख्या 77 और 82 के बीच यह कार्रवाई की गई।
सुरक्षा बलों ने मौके से 10 कैडरों को गिरफ्तार किया, जिनमें पांच किशोर भी शामिल हैं। किशोरों के साथ किशोर न्याय अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कीथेलकपम शांजित सिंह उर्फ लोइचिंगबा (34), सलाम रोहित मैतेई उर्फ पंथुंग (35), खाइदेम जैक्सन सिंह उर्फ वांगंबा (27), क्षत्रिमयुम इनाओसाना सिंह उर्फ कुमारजीत (36) और सेनजम थोइबिनाओ मैतेई (36) के रूप में हुई है, जो विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
पुलिस सभी गिरफ्तार कैडरों से पूछताछ कर रही है और संगठन की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।