लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
जोधपुर (राजस्थान): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान दौरे के दौरान जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। यह आधुनिक टर्मिनल लगभग ₹480 करोड़ की लागत से बनाया गया है और इसे यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की संशोधित UDAN (Ude Desh ka Aam Nagrik) योजना की भी शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य देश के छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों तक हवाई संपर्क को और अधिक सुलभ और किफायती बनाना है। इसके तहत आने वाले वर्षों में क्षेत्रीय एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने और नए एयर रूट्स विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री के बालोतरा दौरे की भी जानकारी सामने आई, जहां वे लगभग ₹1.06 लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। सरकार का दावा है कि इस तरह की परियोजनाएं राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देंगी।
नया टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसे रॉयल राजस्थानी आर्किटेक्चर से प्रेरित डिजाइन में तैयार किया गया है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।