लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने 91 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी होने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में घर में खाना बनाने आने वाली घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने थाना मनसा देवी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी 91 वर्षीय सास, जो मनसा देवी क्षेत्र में अकेली रहती हैं, के घर से कीमती गहने चोरी हो गए हैं।
मामले की जांच डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने शुरू की। पुलिस ने घर में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान घर में खाना बनाने आने वाली महिला पर शक गहराया।
पुलिस ने मनीमाजरा निवासी 33 वर्षीय हीना को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने और डायमंड के गहने बरामद कर लिए।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया था। रिमांड के दौरान बरामदगी की कार्रवाई पूरी की गई, जिसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू सहायकों और कर्मचारियों को काम पर रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।