लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, मलबे में अभी भी 4 से 5 निर्माण मजदूरों समेत कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि इमारत की मालकिन के पति के भी मलबे में दबे होने की आशंका है। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
बचाव दल भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि संभावित रूप से फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने तक अभियान पूरी रात जारी रहेगा।
फिलहाल इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया है और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।