लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
मुंबई। महाराष्ट्र में एक ही रात में लगातार चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कई जिलों के लोगों में डर का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वसमत तहसील क्षेत्र के आसपास रहा।
बताया गया कि पहला झटका वसमत तहसील के पांगरा शिंदे गांव के दक्षिणी हिस्से में महसूस किया गया। इसके बाद आए दूसरे और तीसरे झटकों का केंद्र पांगरा शिंदे गांव के काकड़धाबा गांव के पास बताया गया।
भूकंप के झटकों के बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।