लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटर मुठभेड़ में मारे गए। मृतकों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों शूटर एक कारोबारी से रंगदारी की मांग कर चुके थे। मांग पूरी नहीं होने पर वे फायरिंग कर दहशत फैलाने और कारोबारी पर दबाव बनाने की योजना से बहादुरगढ़ पहुंचे थे।
सूचना मिलने के बाद दिल्ली स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर मारे गए।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उन पर इनाम भी घोषित था। घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। बरामद सामान की जांच कर गैंग के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि संगठित अपराध और रंगदारी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।