लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित नसरापुर दुष्कर्म और हत्या मामले में अब फैसला आने का इंतजार खत्म होने वाला है। पुणे की अदालत ने मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद 25 जून को फैसला सुनाने की तारीख तय की है। इस मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार उठती रही है।
मामला पुणे जिले के भोर तालुका स्थित नसरापुर गांव का है, जहां मई 2026 में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई थी। घटना के बाद राज्यभर में आक्रोश फैल गया था और मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक तरीके से आगे बढ़ाई गई।
अंतिम बहस के दौरान विशेष सरकारी वकीलों ने अदालत के समक्ष सीसीटीवी फुटेज, डीएनए रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य पेश करते हुए आरोपी को दोषी ठहराने और कठोरतम सजा देने की मांग की। अभियोजन पक्ष का दावा है कि तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य आरोपी की संलिप्तता को मजबूत करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार पहले ही आरोपी के खिलाफ कठोर सजा की पैरवी करने की बात कह चुकी है। अब 25 जून को आने वाले फैसले पर पीड़ित परिवार, स्थानीय लोगों और पूरे महाराष्ट्र की नजरें टिकी हुई हैं।