लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में 27 वर्षीय अनिकेत बालासाहेब जगताप की मौत के बाद पुलिस ने उनकी पत्नी, सास-ससुर और पत्नी की मौसी के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। शुरुआत में पुलिस ने इसे आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।
पुलिस के अनुसार, अनिकेत की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था और मानसिक प्रताड़ना के कारण वह तनाव में थे। इसके बाद उनकी मौत हो गई। इन आरोपों की जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस ने पत्नी के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पत्नी और उसकी मौसी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।