लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
कठुआ। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) मोहम्मद लतीफ उर्फ हाजी लतीफ को गिरफ्तार किया है। उस पर पाकिस्तानी आतंकी उस्मान की मदद करने का आरोप है। यह गिरफ्तारी गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम यानी UAPA के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार, हाजी लतीफ पर आतंकी गतिविधियों में सहयोग करने और सीमा पार से संचालित नेटवर्क को समर्थन देने के गंभीर आरोप हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसे संयुक्त पूछताछ केंद्र (JIC) जम्मू में रखा गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से स्थानीय स्तर पर सक्रिय आतंकी मददगार नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किस तरह से सीमा पार से संपर्क स्थापित किया जाता था।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।