लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली। बिहार के चर्चित पुलिस मुठभेड़ मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। याचिका में मुठभेड़ की CBI जांच कराने और मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की गई है।
याचिका भोजपुर जिले के बिलौती गांव निवासी भारत भूषण तिवारी की 17 जून को हुई मौत से संबंधित है। इस घटना ने बिहार में राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है।
तिवारी के परिजनों का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया था और अपना हथियार भी फेंक दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार ने घटना को फर्जी मुठभेड़ बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को लेकर उठे विवाद के बीच बिहार सरकार ने शनिवार को घटना की न्यायिक जांच कराने की घोषणा की थी। सरकार का कहना है कि जांच के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
अब सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में न्यायिक जांच के अलावा CBI जांच और विशेषज्ञों की समिति गठित करने की मांग की गई है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्वतंत्र और निष्पक्ष पड़ताल हो सके।
याचिकाकर्ता ने अदालत से मामले की निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया है। इस मामले को लेकर अब सुप्रीम कोर्ट के रुख पर सभी की नजरें टिकी हैं।