लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
अरुणाचल प्रदेश के केई पन्योर जिले में भारी बारिश के चलते आई बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। याजाली इलाके में फ्लैश फ्लड के कारण कई घरों और आवासीय इलाकों को नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर मलबा भर गया है और सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।
प्रशासन के अनुसार भूस्खलन की वजह से कई सड़क मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। कुछ क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम में सुधार के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज किया गया है। प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है और जरूरी मदद पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।