लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ वन विभाग ने अबूझमाड़ के घने जंगलों में अवैध पेड़ कटाई पर रोक लगाने और वन संरक्षण को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने स्थानीय युवाओं को 30 रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया है, जहां वे चौबीसों घंटे जंगलों की निगरानी करेंगे। फिलहाल इन युवाओं के लिए अस्थायी टेंट लगाए जा रहे हैं और उन्हें न्यूनतम मजदूरी के आधार पर नियुक्त किया जाएगा।
वन विभाग ने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र का राजस्व सर्वेक्षण अभी जारी है, इसलिए पूरा इलाका अभी औपचारिक रूप से वन विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में नहीं आया है। इसके बावजूद अवैध कटाई की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए विभाग ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का फैसला किया। साथ ही पांच नए वन रेंज बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, जिससे लगभग 2,550 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र को संगठित प्रशासनिक निगरानी में लाया जा सकेगा।
विभाग ने तैनात कर्मियों के लिए स्थायी वन चौकियां और भवन बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि राजस्व विभाग के साथ मिलकर सर्वेक्षण पूरा होने के बाद वन सीमाओं का आधिकारिक निर्धारण किया जाएगा, जिससे जंगलों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण और अधिक प्रभावी हो सकेगा।