लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पिछले पांच वर्षों में सरकार को कुल लगभग 396 करोड़ रुपये का टैक्स दिया है। यह भुगतान 5 फरवरी 2020 से 5 फरवरी 2025 के बीच विभिन्न सरकारी कर और शुल्कों के रूप में किया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस राशि में सबसे बड़ा हिस्सा GST का रहा, जबकि बाकी रकम TDS, लेबर सेस, ईएसआई, बीमा और अन्य करों के रूप में दी गई। इसके अलावा जमीन रजिस्ट्रेशन, बिजली बिल और रॉयल्टी जैसे भुगतान भी शामिल हैं, जो मंदिर निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के दौरान हुए खर्चों पर आधारित हैं।
ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर निर्माण के साथ-साथ अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। मंदिर परिसर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे देश का प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जा रहा है।