west-bengal-chunav-tmc-shikayat-smriti-irani-bjp

बंगाल में ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ पर बवाल: TMC ने स्मृति ईरानी समेत BJP नेताओं की EC में की शिकायत

तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी नेताओं स्मृति ईरानी और शुभेंदु अधिकारी पर ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ योजना के जरिए चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए भारत निर्वाचन आयोग से शिकायत की।

By : Local News of India
बंगाल में ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ पर बवाल: TMC ने स्मृति ईरानी समेत BJP नेताओं की EC में की शिकायत

बंगाल में ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ पर बवाल: TMC ने स्मृति ईरानी समेत BJP नेताओं की EC में की शिकायत

लिसिका ग्रोवर 
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया 

 

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच सियासत तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है।

पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग को लिखे पत्र में कहा कि स्मृति ईरानी और शुभेंदु अधिकारी सहित अन्य नेताओं ने 15 अप्रैल को ‘मातृशक्ति भरोसा कार्ड’ योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये सीधे बैंक खाते में देने का वादा किया जा रहा है।

टीएमसी का आरोप है कि चुनाव के दौरान इस तरह की योजना की घोषणा और फॉर्म वितरण मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास है, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। पार्टी के अनुसार, महिलाओं को आर्थिक लाभ का लालच देकर फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

गौरतलब है कि स्मृति ईरानी हाल ही में कोलकाता में मौजूद थीं, जहां उन्होंने इस योजना से जुड़े फॉर्म भी वितरित किए।

तृणमूल कांग्रेस ने इसे जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 123 के तहत “भ्रष्ट आचरण” करार दिया है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत इसे दंडनीय अपराध भी बताया है।

पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि संबंधित नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए और मामले में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।