अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चुनावी माहौल के बीच शत्रुघ्न सिन्हा एक नए विवाद में घिर गए हैं। उन पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शत्रुघ्न सिन्हा रविवार शाम जामुड़िया में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हरे राम सिंह के समर्थन में आयोजित एक प्रचार सभा में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकजुट होकर जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
विवाद उस समय शुरू हुआ जब यह सामने आया कि सांसद प्रचार कार्यक्रम में नीली बत्ती लगी गाड़ी से पहुंचे थे। जबकि आचार संहिता लागू होने के बाद इस तरह के विशेष प्रतीकों के इस्तेमाल पर रोक रहती है।
भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे नियमों का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से इस मामले की शिकायत की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वहीं, इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वे हाल ही में राज्य में आए हैं और मामले की जानकारी लेकर उचित कदम उठाएंगे। विवाद बढ़ने के बाद उनकी गाड़ी से नीली बत्ती हटा दी गई है।
चुनाव के बीच इस मुद्दे ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है और अब सबकी नजर संभावित कार्रवाई पर टिकी है।