लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
दोहा (कतर): अमेरिका और ईरान के बीच कतर की राजधानी दोहा में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने बातचीत को सकारात्मक बताया है। वार्ता में परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में संभावित राहत, जमे हुए ईरानी फंड और हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि किसी अंतिम समझौते की घोषणा नहीं की गई, लेकिन दोनों पक्षों ने संवाद जारी रखने पर सहमति जताई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत "अच्छी दिशा" में आगे बढ़ रही है और परमाणु कार्यक्रम पर भी प्रगति हो रही है। वहीं अमेरिकी प्रतिनिधियों ने ईरान से अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर प्रस्तावित टोल की योजना छोड़ने और व्यापक परमाणु समझौते पर ध्यान देने का आग्रह किया। दूसरी ओर ईरान ने अपने हितों और हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े अधिकारों पर जोर दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच समझौता आगे बढ़ता है तो पश्चिम एशिया में तनाव कम हो सकता है और वैश्विक तेल बाजार को भी राहत मिल सकती है। वार्ता का अगला दौर ईरान में निर्धारित कार्यक्रमों के बाद आयोजित किए जाने की संभावना है।