लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों 'सोफा कल्चर' नया राजनीतिक प्रतीक बनकर उभरा है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद राज्य में कथित हॉर्स ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के आरोपों के बीच विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने-सामने हैं। इसी राजनीतिक माहौल पर व्यंग्य करते हुए एक नेता को नकदी के प्रतीकात्मक बंडलों के साथ सोफा भेंट किए जाने की घटना ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार विधानसभा में पूर्ण बहुमत से कुछ सीटें पीछे है। ऐसे में लगातार यह आरोप लग रहे हैं कि विभिन्न दलों के विधायकों को अपने पक्ष में लाने की कोशिशें की जा रही हैं। हालांकि इन आरोपों को संबंधित पक्षों ने खारिज किया है।
हाल के दिनों में एक विधायक द्वारा करोड़ों रुपये की पेशकश किए जाने का दावा करने के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई। इस मामले में पुलिस जांच भी शुरू हुई, जबकि डीएमके ने राज्यपाल से कथित हॉर्स ट्रेडिंग की शिकायत करने का फैसला लिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 'सोफा कल्चर' अब सिर्फ एक व्यंग्यात्मक प्रतीक नहीं, बल्कि तमिलनाडु में सत्ता बचाने और समर्थन जुटाने की राजनीति का नया रूपक बन गया है। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य की सियासत को और अधिक गर्मा दिया है तथा आने वाले दिनों में राजनीतिक घटनाक्रम पर सभी की नजर बनी रहेगी।