लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मुस्कान
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यूजीसी-नेट (UGC-NET) समाजशास्त्र परीक्षा के पेपर लीक होने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा से पहले 100 पेज की एक गोपनीय PDF प्रसारित की गई थी, जिसमें मौजूद करीब 90 सवाल वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि यह पेपर बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में ₹2.25 लाख में बेचा गया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह दस्तावेज केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के पास उपलब्ध होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि यही नेटवर्क CSIR-NET, HTET और अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी उपलब्ध कराने का दावा कर रहा था।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में NEET-UG परीक्षा को लेकर भी पेपर लीक के आरोप लगे थे। इसके अलावा UGC-NET समाजशास्त्र प्रश्नपत्र में वर्तनी, अनुवाद और प्रश्नों की गुणवत्ता को लेकर भी अभ्यर्थियों ने शिकायतें की थीं।
इन आरोपों के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।