प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने के मौके पर जनता का आभार जताया। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने से शुरू हुआ उनका यह सफर अब 25 साल पूरे कर चुका है। इस मौके पर पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया और जनता के भरोसे के लिए शीश झुकाकर नमन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि 25 साल की सेवा पूरी होना उनके लिए खुशी का अवसर है और यह उपलब्धि जनता के आशीर्वाद और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में हुए हर चुनाव में जनता ने जो भरोसा जताया, उसके लिए वह आभारी हैं। साथ ही उन्होंने NDA, मंत्रियों, नेताओं और सेवा ज्योति यात्रा में शामिल लोगों का भी धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए जनता ईश्वर का रूप है। उन्होंने 25 वर्षों के अनुभव को देश की बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि यह सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे देश की पूंजी है। उन्होंने देश के लिए और ज्यादा ऊर्जा के साथ काम करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी प्रधानमंत्री मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई प्रस्ताव पारित किया था।