लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद 'मेड इन इंडिया' रक्षा प्लेटफॉर्म और स्वदेशी सैन्य तकनीक पर लोगों का भरोसा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत विकसित स्वदेशी हथियार प्रणालियों ने अपनी क्षमता साबित की है।
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने बताया कि देश का रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जबकि आठ-नौ वर्ष पहले यह लगभग 46 हजार करोड़ रुपये था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का रक्षा निर्यात भी कई गुना बढ़ा है और अब भारतीय रक्षा उपकरणों की मांग वैश्विक स्तर पर लगातार बढ़ रही है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित किया कि भारतीय सशस्त्र बल आधुनिक स्वदेशी तकनीक और उपकरणों के साथ किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम हैं। उन्होंने स्वदेशी अनुसंधान, नवाचार और रक्षा विनिर्माण को राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया तथा उद्योग और अनुसंधान संस्थानों से इस दिशा में निरंतर सहयोग का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारत को रक्षा उत्पादन और निर्यात के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देशों की श्रेणी में पहुंचाना है। इसके लिए निजी क्षेत्र, स्टार्टअप्स और सरकारी संस्थानों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि भविष्य की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप अत्याधुनिक स्वदेशी रक्षा प्रणालियां विकसित की जा सकें।