लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
फर्रुखाबाद, 24 मार्च
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक अपने घर के बाहर सो रहा था।
जानकारी के अनुसार, गैसिंगपुर गांव निवासी लखन कश्यप (35) सोमवार रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। देर रात अज्ञात हमलावर ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
मंगलवार सुबह परिजनों ने देखा कि लखन का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसने कुछ दिन पहले लखन को जान से मारने की धमकी दी थी।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे के अनुसार, तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।