नई दिल्ली: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात कर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं की यह बैठक शिखर सम्मेलन से इतर हुई।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी 2026 में मलेशिया यात्रा के दौरान तय सहयोग के क्षेत्रों में हुई प्रगति पर चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचार किया।
दोनों नेताओं ने लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करने और कारोबारी संबंधों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। चर्चा में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ।
बैठक के दौरान प्रौद्योगिकी और सेमीकंडक्टर क्षेत्र, विशेष रूप से चिप पैकेजिंग तथा संबंधित औद्योगिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ाने के लिए कारोबारी समुदायों के बीच संपर्क मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
भारत की Act East Policy के तहत मलेशिया के साथ रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने और साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमित कुमार पांडेय