लोकल न्यूज़ ऑफ इंडिया
अमित कुमार पांडेय
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसरो ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में CE20 क्रायोजेनिक इंजन का सफल फ्लाइट एक्सेप्टेंस हॉट टेस्ट किया।
आगामी LVM3 मिशन के C32 अपर स्टेज के लिए तैयार किए जा रहे इस इंजन ने परीक्षण के दौरान 220 किलो न्यूटन का बढ़ा हुआ थ्रस्ट दिया। इससे LVM3 की पेलोड क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी और भविष्य में भारी उपग्रहों के प्रक्षेपण को मजबूती मिलेगी।
इस परीक्षण के दौरान LOX टैंक प्रेशराइजेशन मॉड्यूल का भी सफल सत्यापन किया गया, जो भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान के लिए अहम तकनीक है।
CE20 इंजन से जुड़े पिछले परीक्षणों के बाद मिली यह सफलता भारत की स्वदेशी क्रायोजेनिक इंजन तकनीक में निरंतर प्रगति को दर्शाती है। यह उपलब्धि एक ओर LVM3 की लॉन्च क्षमता को मजबूत करेगी, वहीं दूसरी ओर भारत के मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन के लक्ष्यों को भी आगे बढ़ाएगी।