लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
क़तर के रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए भीषण विस्फोट में जान गंवाने वाले आठ और भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर भारत भेज दिए गए हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि 26 जून को आठ शव भारत रवाना किए गए।
दूतावास के अनुसार, इससे पहले 25 जून को चार भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर भारत भेजे गए थे। इस तरह अब तक हादसे में मारे गए कुल 12 भारतीयों के शव स्वदेश पहुंचाए जा चुके हैं।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि रास लाफ़ान हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के पार्थिव अवशेषों को उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी की एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कुल 13 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल थे। हादसे के बाद भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
भारत सरकार भी इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और मृतकों के परिजनों तक आवश्यक मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।