अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Dhurandhar 2 को लेकर इन दिनों जहां बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता देखने को मिल रही है, वहीं फिल्म का एक सीन विवादों में घिर गया है। इस पूरे मामले पर अब अभिनेता R. Madhavan का रिएक्शन सामने आया है।
दरअसल, फिल्म के एक सीन में आर. माधवन का किरदार गुरबानी का श्लोक बोलते हुए नजर आता है, जिसे लेकर सिख समुदाय ने आपत्ति जताई। आरोप था कि इस सीन में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। मामले को लेकर शिकायत भी दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद यह विवाद और बढ़ गया।
अब इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आर. माधवन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर सफाई दी है। उन्होंने बताया कि फिल्म में ऐसा कोई सीन नहीं है जिसमें गुरबानी का पाठ करते समय सिगरेट पीते हुए दिखाया गया हो। एक्टर के मुताबिक, डायरेक्टर Aditya Dhar ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि श्लोक बोलते समय सिगरेट बुझा दी जाए और किसी भी तरह का धुआं नजर नहीं आना चाहिए।
आर. माधवन ने कहा कि उन्होंने शूटिंग के दौरान उन्हीं निर्देशों का पालन किया और स्क्रीन पर भी ऐसा कुछ नहीं दिखाया गया है जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
इसके साथ ही उन्होंने सिख समुदाय से माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। यदि किसी को अनजाने में दुख पहुंचा है तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
गौरतलब है कि फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और रिलीज के कुछ ही दिनों में इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई भी की है।