लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
हैदराबाद: निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार चर्चा फिल्म की संभावित "ओवर-द-टॉप (OTT) मंच" डील को लेकर है। नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल की एक टिप्पणी के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल डील बन सकती है।
हाल ही में नेटफ्लिक्स की एक इवेंट के दौरान मोनिका शेरगिल से पूछा गया कि क्या नेटफ्लिक्स ने 'वाराणसी' के स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल कर लिए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर पुष्टि या खंडन नहीं किया, लेकिन उनके जवाब ने इस संभावित डील को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा अभिनीत इस मेगा बजट फिल्म के डिजिटल अधिकार रिकॉर्ड कीमत पर बिक सकते हैं। हालांकि, अभी तक न तो नेटफ्लिक्स और न ही फिल्म के निर्माताओं की ओर से किसी समझौते की आधिकारिक घोषणा की गई है।
'वाराणसी' राजामौली की 'आरआरआर' के बाद अगली महत्वाकांक्षी परियोजना मानी जा रही है। बड़े बजट, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति और स्टारकास्ट को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। आधिकारिक घोषणा होने तक OTT डील से जुड़ी सभी चर्चाओं को अटकलों के रूप में ही देखा जा रहा है।