लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
हैदराबाद: दक्षिण भारतीय अभिनेत्री समंथा रुथ प्रभु ने आखिरकार अपनी प्रेग्नेंसी की पुष्टि कर दी है। फिल्म 'मां इंटी बंगारम' की सक्सेस मीट के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें फिल्म के बाद कुछ समय का ब्रेक लेना होगा और वह मैटरनिटी लीव पर जाएंगी।
समंथा ने कहा, "मां इंटी बंगारम के बाद मुझे थोड़ा ब्रेक लेना होगा। मुझे मैटरनिटी लीव पर जाना पड़ेगा। इसके बाद मैं अपने प्रशंसकों के लिए नई फिल्म के साथ वापसी करूंगी।" उनके इस बयान के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही प्रेग्नेंसी की अटकलों पर विराम लग गया।
समंथा और फिल्म निर्माता राज निदिमोरू अपने पहले बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। हाल के दिनों में 'मां इंटी बंगारम' की सक्सेस पार्टी की तस्वीरों और वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा तेज हो गई थी, जिसकी अब अभिनेत्री ने आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
समंथा ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने करियर से संन्यास नहीं ले रही हैं। मैटरनिटी ब्रेक पूरा होने के बाद वह फिर से फिल्मों में सक्रिय होंगी। फिलहाल उनके प्रशंसक इस नई खुशखबरी पर उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।